17/11/2025
वार्ड-12 घोसियाना में ईओ का औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था और जलनिकासी पर दिखी सख्ती
रायबरेली (स्पष्ट आवाज)। नगर पंचायत लालगंज के अधिशासी अधिकारी राजभानु शुक्ला ने गुरूवार को वार्ड नंबर 12 घोसियाना पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ वार्ड के सभासद राघवेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान ईओ ने वार्ड की साफ-सफाई, जलनिकासी, पेयजल आपूर्ति और विकास कार्यों की प्रगति का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी ने सबसे पहले वार्ड की साफ-सफाई व्यवस्था देखी। उन्होंने संबंधित सफाई कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी गली-मोहल्ला गंदगी से अछूता न रहे। जहां भी सफाई में लापरवाही पाई गई, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, और इस कार्य में कोताही करने वालों पर कार्रवाई तय है। इसके बाद ईओ राजभानु शुक्ला ने जलनिकासी प्रणाली और नालों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। बरसात के दौरान होने वाले जलभराव को रोकने के लिए उन्होंने निर्माणाधीन नालों की गुणवत्ता की जांच की और कार्यदायी संस्था को तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी निर्माण कार्य मानक के अनुसार और समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। सड़क मरम्मत और पेयजल आपूर्ति पर भी ईओ ने विशेष ध्यान दिया। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल सुधार सूची में शामिल करने के निर्देश दिए और पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी भी मोहल्ले में पानी की कमी या गंदे पानी की शिकायत नहीं आनी चाहिए।